गौ संरक्षण से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की समृद्धि : धामी

 

मथुरा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से भी है। गौ सेवा को आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ने की आवश्यकता है, ताकि प्राचीन परंपराओं और आधुनिक विज्ञान को एक-दूसरे का पूरक बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया गया। आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय तथा आवासीय परिसर का शिलान्यास भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के अनेक प्रसंग गौमाता के प्रति उनके प्रेम और सम्मान को दर्शाते हैं। दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति गौ सेवा को गोवंश संरक्षण तक सीमित न रखकर शिक्षा, अनुसंधान और चिकित्सा से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही है। इन प्रकल्पों से पशु चिकित्सा, अनुसंधान और गौ संरक्षण के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी।

हरिपुर-कालसी को धार्मिक केंद्र बनाने का प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां यमुना की पवित्र धारा देवभूमि उत्तराखंड और ब्रजभूमि को जोड़ती है। यमुनोत्री धाम से निकलकर मां यमुना अनेक क्षेत्रों को जीवन प्रदान करते हुए ब्रजभूमि को सिंचित करती हैं। उत्तराखंड के हरिपुर-कालसी का भी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रहा है। मान्यता है कि प्राचीन समय में यमुनोत्री धाम की यात्रा शुरू करने से पहले श्रद्धालु हरिपुर-कालसी में मां यमुना के दर्शन और स्नान करते थे।

उन्होंने कहा कि हरिपुर-कालसी की प्राचीन धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के लिए वहां मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण कराया गया है और मां यमुना की प्रतिमा स्थापित की गई है। सरकार का प्रयास है कि हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी पहुंचकर मां यमुना की आरती में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण केवल उनके गौरव का उल्लेख करने से नहीं, बल्कि ठोस प्रयासों से संभव है। गोवंश संरक्षण, नदियों की रक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देना हमारी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सभी से योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित समिति के पदाधिकारी, गौ सेवक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

One thought on “गौ संरक्षण से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की समृद्धि : धामी”

  1. Mình biết đến SutbongTV khi tìm kiếm một địa chỉ theo dõi bóng đá trực tuyến. Website có các chuyên mục như lịch thi đấu, kết quả và bảng xếp hạng khá hữu ích. Nhờ cách sắp xếp nội dung riêng biệt, người xem có thể dễ dàng tìm kiếm thông tin về giải đấu mình quan tâm. Hy vọng nền tảng sẽ tiếp tục cải thiện trải nghiệm trong thời gian tới.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *